जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसों पर यातायात विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़े चौकाने वाले हैं। पिछले पांच वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में 28,896 सड़क हादसे हुए, जिनमें 4,251 लोगों की जान चली गई, जबकि 37,725 घायल हुए हैं। जम्मू क्षेत्र में सबसे ज्यादा सड़क हादसे दर्ज किए गए हैं।
ये आंकड़े डॉ. एमएम शुजा की ओर से दायर एक आरटीआई के जवाब में जम्मू-कश्मीर यातायात मुख्यालय द्वारा साझा किए गए हैं। आरटीआई 2 फरवरी, 2024 को प्रस्तुत की गई थी और विभाग द्वारा नौ मार्च को प्रतिक्रिया प्रदान की गई।
यातायात विभाग का तर्क, सड़क सुरक्षा के प्रयास जारी
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क हादसों और इनमें योगदान देने वाले कारकों को कम करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। विभाग आम जनता के बीच सड़क सुरक्षा नियमों और विनियमों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। जागरूकता अभियानों और जुर्माना जारी करने सहित सख्त प्रवर्तन उपायों के माध्यम से दोपहिया यातायात की सुरक्षित आवाजाही को बढ़ाने के लिए पहल की जा रही है। विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के साथ सहयोग सभी के लिए बेहतर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को और मजबूत करता है।