जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के बेगपोरा में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू को आज सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की जिसके बाद घंटों चली मुठभेड़ में 12 लाख के इनामी आतंकी रियाज नायकू को ढेर कर दिया। रियाज पहले गणित विषय का अध्यापक था जिसने बाद में बंदूक थाम ली।
कुछ समय पहले बारामुला जिले को आतंकवाद मुक्त घोषित करने और उत्तरी कश्मीर में आतंक का ग्राफ गिरने से बौखलाए आतंकी संगठनों के आकाओं ने एक बार फिर से रणनीति में बदलाव किया था। इसे फिर से आतंक का हॉट बेल्ट बनाने की कोशिश थी।
आतंकी संगठनों को पाकिस्तान में बैठे आकाओं का ज्यादा से ज्यादा हमले करने का फरमान मिला है। यही वजह है कि पिछले एक महीने में सात आतंकी हमले हुए जिसमें 18 जवानों को शहादत देनी पड़ी। आठ आतंकी भी मारे गए।
वर्ष 2020 की शुरुआत जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के लिए काफी अच्छी रही थी। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बताया था कि साल के पहले डेढ़ महीने के दौरान करीब 10 सफल ऑपरेशनों में 23 आतंकियों को मार गिराया गया और 40 के करीब ओजीडब्ल्यू व आतंकी समर्थक गिरफ्तार किए।
इसके अलावा कई भटके युवाओं की घर वापसी भी करवाई गई, लेकिन अब अचानक से आतंकी वारदातें बढ़ने से सुरक्षाबलों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा। साथ ही आतंकियों की रणनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला।