अरनिया। छह वर्ष से किराए की इमारत चल रही अरनिया तहसील को शुक्रवार को अपनी इमारत मिल ही गई। इसका उद्घाटन उपायुक्त अंशुल गर्ग ने किया। इस मौके पर एक सभा हुई, जिसमें किसानों को जमीन रिकार्ड की पास बुक वितरित की गई।
इस दौरान उपायुक्त को लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं बताईं। उपायुक्त अंशुल गर्ग ने कहा कि आपकी जो भी समस्याएं हैं उनको जल्द से हल किया जाएगा। आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजस्व विभाग की डिजिटल पासबुक है। जो किसानों को वितरित की गई है। बाकी अन्य किसानों को भी जल्द ही बुक वितरित कर दी जाएगी। ताकि लोगों को अब दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ेंगे और अपनी जमीन का सही रिकॉर्ड अपने पास सुरक्षित रख सकेंगे। तहसीलदार पुनिका ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि तहसील परिसर के सभी कार्य समय पर जरूर किए जाएंगे।