लंबित मांगों पर ऑल जम्मू कश्मीर रिटायर्ड पुलिस पर्सनल एनजीओ एंड अदर्स फोरम ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहीद भगत सिंह पार्क में एकत्रित फोरम सदस्यों ने कहा कि उनकी मांगा पर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है। यदि ऐसा ही चलता रहा तो उन्हें संघर्ष तेज करना पड़ सकता है।
फोरम के अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने कहा कि वेतन विसंगतियां दूर करने के लिए लंबे समय से मांग उठाई जा रही है।
वर्ष 1996 से संघर्ष कर रहे फोरम सदस्यों को अब तक सरकार की तरफ से उचित कार्रवाई का कोई भरोसा नहीं दिलाया गया है।
फोरम सदस्यों ने कहा कि पुलिस विभाग के थानों और चौकियों में तैनात पुलिस कर्मियों की संख्या को बढ़ाया जाना चाहिए, जबकि लंबे समय से मंजूर पदों की पुनर्समीक्षा नहीं गई है।
उन्होंने एसपीओ युवाओं का वेतन बढ़ाने, पुलिस के शहीद कर्मचारी के परिजनों को रिटायरमेंट की आयु तक पूरी पेंशन देने, पुलिस कर्मियों के बच्चों को पुलिस विभाग में पंद्रह फीसदी और अन्य सिविल विभागों में पांच फीसदी आरक्षण की सुविधा देने, वर्ष 1998 के बाद से कांस्टेबल पद पर तैनात कर्मचारियों को प्रोन्नति सुविधा देने की व्यवस्था पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की सेवाएं विशेष परिस्थितियों से संबंधित है। तनावग्रस्त और बोझिल हालात में ड्यूटी करने वाले मुलाजिमों को सुविधाओं में भी प्राथमिकता देने की जरूरत है।