रहबरे तालीम शिक्षकों ने सरकार को अल्टीमेटम जारी करते हुए दो टूक कहा है कि वेतन नहीं दिया तो उसे आरईटी शिक्षकों के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने जल्द वेतन न जारी होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है। बुधवार को राज्यव्यापी विरोध-प्रदर्शन की कठुआ कड़ी में रहबरे तालीम टीचर्स फोरम ने विरोध जुलूस निकाला।
शहीदे आजम भगत सिंह पार्क से निकला रोष मार्च जिला सचिवालय तक पहुंचा। बाद में जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरकार को अल्टीमेटम दिया गया।
फोरम की जिला अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षक आज वेतन को तरस रहे हैं। पिछले एक वर्ष से रहबरे तालीम शिक्षकों को वेतन जारी नहीं किया गया है।
ऐसे में अनुमान लगाया जा सकता है कि शिक्षक बिना वेतन के किस तरह से सेवाएं दे रहे हैं। मीना शर्मा सहित फोरम के प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद शर्मा और बारह जोनल अध्यक्षों ने सरकारी रवैए पर भड़ास निकाली।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा का स्तर उठाने के लिए रहबरे तालीम शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। इसके बावजूद सरकार की मानसिकता रहबरे तालीम शिक्षकों प्रति उदासीन है जिसे बदलने की जरूरत है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक वर्ष से बिना वेतन करने को मजबूर शिक्षकों के पास अब और सब्र नहीं बचा है। लिहाजा सरकार को जल्द से जल्द शिक्षकों के वेतन की व्यवस्था करनी होगी अन्यथा फोरम को कठोर कदम उठाने को मजबूर होना पड़ेगा। बाद में जिला उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा।