जम्मू विश्वविद्यालय के एमए इतिहास के चौथे सेमेस्टर का नतीजा चार माह हो जाने के बावजूद घोषित न होने से छात्र परेशान हैं। इस सेमेस्टर के तीन दर्जन से भी अधिक छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा के लिए फार्म भी नहीं भर पा रहे। कई छात्र ऐसे हैं, जो एमफिल, पीएचडी की परीक्षा में बैठना चाहते थे, लेकिन नतीजा घोषित न होने की वजह से इसमें शामिल नहीं हो सके।
छात्रों का कहना है कि इस संबंध में उनकी कई बार इतिहास विभागाध्यक्ष से भी बात हुई, लेकिन वह बस दो-तीन का भरोसा देते हैं। ऐसा कई बार हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक प्रोफेसर के साथ मुखिया की लड़ाई होने की वजह से उनका नतीजा प्रभावित हो रहा है।
उधर, इस संबंध में जब विश्वविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. जिगर मोहम्मद से बात की गई तो उनका कहना था कि प्रक्रिया जारी है, जल्द ही चुनाव नतीजा घोषित कर दिया जाएगा।