कोविड योद्धाओं की तर्ज पर आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहन दिया जाए। यह मांग सीपीआई (एम) नेता मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने प्रदेश प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में इन कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया जाए, ताकि वे अपने कार्य के लिए और प्रेरित हो सकें। उन्होंने इस संबंध में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा को भी पत्र लिखा है।
अपने पत्र में उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बताया है। गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन, स्तनपान कराने वाली माताओं, नियमित प्रसव देखभाल, टीकाकरण, परिवार नियोजन सेवाओं जैसे अपने नियमित काम के अलावा कोविड-19 संक्रमित होम आइसोलेट मरीजों की निगरानी भी कर रही हैं।