जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के कारण दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में नदी नालों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। सबसे ज्यादा असर अनंतनाग और कुलगाम जिलों में देखा जा रहा है।
बाढ़ की चपेट में आने से दो लोगों के मौत की भी खबरें आ रही हैं, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सेना कुलगाम जिले के चमगुंड इलाके में बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
झेलम और उसकी सहायक नदियों में पानी का लेवल बढऩे से आई बाढ़ की चपेट में आने से अनंतनाग जिले में एक शख्स की मौत हो गई। अनंतनाग के नई बस्ती, तकिया बेहरामपुरा, शम्सीपुरा और हसनपुरा जैसे इलाको में पानी भर गया है।
कुलगाम जिले में भी वैशव नाले में पानी का लेवल बढऩे से एक शख्स की मौत हो गई। जिले के किमोह, मीर बाजार, अस्थल और देवसर इलाकों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीनगर और कश्मीर के कई हिस्सों में शनिवार तक भारी बारिश होगी।