हादसा सुम्लोवाली डोक के पास हुआ। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ये शेल जमीन में दबा था। इसके विस्फोट में बारामुला जिले के चन्दूसा निवासी जुबैर अहमद बजाड़ की माैके पर ही माैत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे सुरक्षित किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।
इस बीच सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से फैलने लगी कि इस धमाके में सेना के जवान भी घायल हुए हैं जिसे अधिकारियों ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया कि इस घटना में सुरक्षाबलों का कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ है।
पुलिस के एक आला अधिकारी के अनुसार जिस शेल में विस्फोट हुआ है वह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान का माना जा रहा है। हालांकि इस संदर्भ में कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के चलते घाटी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच भीषण गोलाबारी हुई थी। उस दौरान दोनों देशों की ओर से दागे गए तोप के कई गोले और मोर्टार शेल जंगलों या बर्फीले इलाकों में बिना फटे ही दब गए होंगे।