रियासत में सड़क हादसों को रोकने के लिए पच्चीस साल पुराने वाहनों को सड़कों से हटा दिया गया है। पंद्रह से ज्यादा साल पुराने वाहनों का साल में दो बार फिटनेस टेस्ट करवाने पर ही काम चल रहा है, ताकि सड़क हादसों को रोकने में मदद मिल सके। नेकां सदस्य डा. शहनाज गनेई के ध्यान आकर्षण प्रस्ताव के जवाब में परिवहन राज्य मंत्री अब्दुल गनी कोहली ने यह जवाब दिया।
मंत्री ने कहा कि रियासत की भौगोलिक स्थिति पहाड़ी और कठिन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सड़क हादसों को रोकने के लिए पुराने वाहनों को सड़कों से हटाते हुए पच्चीस साल पुराने वाहनों को रोड से हटा दिया है। सड़क हादसा होने पर बचाव कार्य तेजी से चलाने के लिए क्विक रेस्क्यू आपरेशन टीमें बर्नाई गई हैं।
नेशनल हाईवे श्रीनगर जम्मू, बटोत किश्तवाड़, जम्मू, पुंछ आदि में तैनात यातायात पुलिस को आधुनिक उपकरण मुहैया करवाए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तर की रोड सेफ्टी काउंसिल का गठन किया गया है। सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
वहीं मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर नेकां सदस्य डा. शहनाज गनेई ने कहा कि देश के उत्तरी पूर्वी राज्य भी पहाड़ी और कठिन रास्तों वाले हैं, लेकिन देश में सड़क हादसों के मामले में जम्मू कश्मीर नंबर एक पर है। जम्मू कश्मीर में बड़ी संख्या में जाने सड़क हादसों में बर्बाद हो जाती हैं, लेकिन सरकार इस ओर उचित कदम नहीं उठा पा रही है।