खौड़ में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर सात दिवसीय श्रीराम कथा करवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। भगवान श्रीराम के मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह की दूसरी वर्षगांठ पर बुधवार को खौड़ स्थित कृष्णा स्पोर्ट्स क्लब परिसर में सात दिवसीय कथा का समापन हुआ। कथावाचक आचार्य महंत सूरज दास शास्त्री ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। प्रभु के जीवन की दिव्यता को सरल, भावपूर्ण व प्रेरणादायी शैली में प्रस्तुत किया।
श्रद्धालुओं ने भक्ति, भजन और आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से श्रीराम लीलाओं से जुड़कर धर्म, मर्यादा व संस्कृति के संदेशों को आत्मसात किया। समापन पर कृष्णा स्पोर्ट्स क्लब का परिसर भजन-कीर्तन, जयकारों और संकीर्तन से गूंज उठा। यह सुरभित व आध्यात्मिक आयोजन 14 जनवरी को शुरू हुआ था। इसमें रोज श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा सुनी।