- मरालियां बस्ती में पल्लवी ने श्रीमद्भागवत कथा सुनाकर भक्तों को प्रभु चरणों से जोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरा साहिब। गांव मरालियां बस्ती में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के पांचवें दिन वाचक शास्त्री बाल व्यास पल्लवी शर्मा ने श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंग का वर्णन किया। नंद बाबा के घर में कान्हा के जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं, मिठाइयां बांटी गई। कथावाचक ने कहा, जब-जब पृथ्वी पाप बढ़ता है तब-तब श्री हरि अवतार लेकर पापियों का नाश कर धर्म को स्थापित करते हैं। मथुरा के राजा कंस ने पाप का आचरण करते हुए अपने ही पिता को कारावास में डालकर सत्ता पर आसीन हो प्रजा पर अत्याचार किया। जब उसे पता चला कि उसकी बहन देवकी की आठवीं संतान ही उसके काल का कारण बनेगी तो उसने बहन और उसके पति वासुदेव को कारावास में बंद कर दिया, लेकिन श्री हरि की कृपा से कारावास के बंद द्वार खुल गए और वासुदेव भगवान कृष्ण को उफनती यमुना पार कर सकुशल बाबा नंद के घर छोड़ आते हैं। बाबा नंद के घर में पुत्र होने का समाचार पाकर पूरे नंदलोक में खुशियों का माहौल बन जाता है। कथा के दौरान श्रीकृष्ण की बाल्यावस्था की सुंदर झांकी सजाई गई। मौके पर बाबा अशोकनाथ, बाबा विनोदनाथ सहित स्थानीय निवासी मोहन लाल, ललिता शर्मा, प्रशांत सिंह सहित अन्य भक्तजन उपस्थित रहे।
-
तारा चौक में लगाया भंडारा
बिश्नाह। कस्बे के तारा चौक में बाबा बड़भाग सिंह के नाम का भंडारा लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धांलुओं ने पहुंचकर बाबाजी का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया। नारायण दत शर्मा ने कहा कि सच्चे मन से प्रार्थना करने पर बाबाजी मुरादें पूरी करते हैं। बिश्नाह बाजार के योगेश शर्मा, बन्नी सदोत्रा, अनिल गुप्ता, इशांत शर्मा ने बताया कि हर वर्ष भंडारा लगाया जाता है। आठ साल से तारा चौक बाजार कमेटी के सदस्य यह आयोजन करवा रहे हैं। संवाद