जम्मू। परमहंस योगीराज श्रीश्री 1008 सतगुरु बाबा लाल दयाल महाराज का 666वां जन्मदिवस शहर भर में हर्षोल्लास से मनाया गया। जैन बाजार स्थित लाल द्वार मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों में माथा टेककर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर बाबाजी का गुणगान किया। शहर सहित आसपास के इलाकों में प्रभात फेरियां निकालीं गईं।
जैन बाजार स्थिति लाल द्वार मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और लड़ियों से सजाया गया। सुबह से मंदिर में बाबा के दर्शन करने वालों की लंबी कतारें लगीं, यह क्रम देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में एलईडी टीवी लगाए गए थे। इस दौरान गायकों ने भजन गाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शहर के गांधीनगर, शिवनगर सहित अन्य इलाकों में बाबाजी के मंदिरों में उत्सव का माहौल रहा। श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई थी। मंदिर में सामाजिक दूरी के निमय का पालन करने के लिए पुलिस तैनात की गई थी।