- तीन, 10, 17 और 24 अगस्त को सावन के सोमवार
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भगवान शिव को समर्पित पवित्र श्रावण (सावन) मास वीरवार से शुरू हो रहा है। जम्मू के शिवालयों में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा की सामग्री खरीदारी के लिए बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालु पूरे माह भगवान शिव की आराधना, जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और सोमवार व्रत की तैयारियों में जुट गए हैं।
ज्योतिषाचार्य पंडित साहिल शर्मा के अनुसार इस वर्ष श्रावण मास 28 अगस्त को समाप्त होगा। तीन, 10, 17 और 24 अगस्त को सावन का सोमवार पड़ रहा है। आप शंभू मंदिर, रणबीरेश्वर मंदिर, पीरखो मंदिर सहित अन्य प्राचीन शिवालयों में पावन महीने के लिए विशेष तैयारियां कर ली गईं हैं। मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, दर्शन व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंध भी शुरू कर दिए हैं। सावन के हर सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवक से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गांधी नगर, मोती बाजार, पक्का डंगा सहित अन्य प्रमुख बाजारों में पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। श्रद्धालु बेलपत्र, रुद्राक्ष की मालाएं, तांबे के कलश, पूजन थाल, धूप-दीप, चंदन, गंगाजल, शिवलिंग, त्रिशूल, डमरू तथा अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। मोती बाजार के दुकानदार संजीव का कहना है कि सावन की शुरुआत के साथ ही बाजार में कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।