झिड़ी में धूमधाम से मनाई गई अर्धवार्षिक मेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। सुखे ब्राह्मण बिरादरी ने बुधवार को झिड़ी में जय बाबा गालब जी के देवस्थान पर अर्ध वार्षिक मेल धूमधाम से मनाई। जम्मू संभाग के विभिन्न हिस्सों से बिरादरी के लोगों ने पहुंचकर कुलदेवता के चरणों में माथा टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
विशेष रूप से बिरादरी के नवविवाहित जोड़ों और शिशुओं के परिजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार नवविवाहित जोड़ों ने बाबा गालब जी की पूजा-अर्चना की और सुखी दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही देवस्थान परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही और पूरा वातावरण बाबा के जयकारों से गूंजता रहा।
बिरादरी के वरिष्ठ सदस्यों और प्रबंधक कमेटी ने मेल की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। वक्ताओं ने युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और कुलदेवता से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। मेल के समापन पर बिरादरी की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।