जम्मू। ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का जगत को संदेश देने वाले संत शिरोमणि गुरु रविदास के प्रकाशपर्व के उपलक्ष्य पर रविवार को मंदिरों के शहर में शोभायात्रा और प्रभातफेरी निकाली गई। कृष्णा नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब से बाजे गाजे के साथ निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लेकर गुरु रविदास जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। गाड़ियों में श्री गुरु रविदास की सुंदर झांकी निकाली गई, जिसका शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा रविदास चौक, रघुनाथ बाजार, सिटी चौक, शालामार, बस स्टैंड क्षेत्र से होकर गुरुद्वारा साहिब कृष्णा नगर में संपन्न हुई। इसमें शामिल संगत के लिए गुरुद्वारे में लंगर भी लगाया गया। गुरुद्वारा परिसर को फूलों से सजाया गया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे। गुरुद्वारा परिसर में पूछताछ और तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था।
गुरु रविदास सभा के अध्यक्ष पीरांदित्ता ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई है, जिसमें प्रोटोकॉल का पालन किया गया है। उन्होंने बताया कि 16 और 20 फरवरी को मुख्य कार्यक्रम होंगे। सभी लोगों को इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की गई है।
------
प्रभातफेरी निकाल की
सुख-समृद्धि की कामना
राजपुरा में भी सुबह आठ बजे से प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें भी बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लेकर गुरु रविदास की महिमा का गुणगान किया। संगत ने सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। सभा के सचिव मंगल दास ने बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम हार साल फरवरी में कार्यक्रम करवाए जाते हैं।