जम्मू। शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को प्रसिद्ध बावे वाली माता मंदिर में रविवार और सोमवार के मुकाबले मंगलवार को काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेका और सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दर्शन किए। मंदिरों में सैनिटाइजिंग की व्यवस्था भी की गई है। थर्मल स्कैनिंग के बाद श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है। हर श्रद्धालु का नाम, पता और मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जा रहा है। सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए सर्कल भी बनाए गए हैं।
मंदिर में आए भक्तों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद मां के दर्शन हुए हैं। भक्तों ने कोरोना महामारी के जल्द खात्मे की भी प्रार्थना की। मंदिर के महंत बिट्टा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर प्रबंधन ने पर्याप्त व्यवस्था की है। सैनिटाइजर की व्यवस्था के साथ सामाजिक दूरी और अन्य एसओपी का पूरा पालन किया जा रहा है।