सड़कों पर सामान्य होती वाहनों की आमद-रफ्त
- फोटो : अमर उजाला
घाटी के अधिकांश इलाकों में दिन के प्रतिबंधों में राहत दी गई है, इसके बावजूद बाजार बंद हैं। मंगलवार को सड़कों पर निजी यातायात सामान्य रूप से चलता नजर आया। कुछ जिलों में अंतर-जिला टैक्सी के साथ-साथ ऑटो-रिक्शा भी चल रहे थे।
हालांकि सार्वजनिक वाहन नहीं दिखे। अधिकारियों का कहना है कि घाटी के 90 फीसदी इलाकों में दिन के समय किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं है। रात के समय एहतियातन पाबंदियां लागू हैं। यह प्रतिबंध पांच अगस्त को लागू किए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर के सिविल लाइंस इलाके में कुछ दुकानदार शहर के बीचों-बीच लाल चौक, टीआरसी चौक, डल गेट पर भी सामान बेचते नजर आए। उन्होंने कहा कि घाटी के अधिकांश क्षेत्रों से बैरिकेड हटा दिए गए, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती जमीन पर जारी थी।
अधिकारियों ने कहा कि 76 एक्सचेंजों में लैंड लाइन टेलीफोन सेवाएं काम कर रही हैं। हालांकि, लाल चौक और प्रेस एन्क्लेव के कॉमर्शियल इलाके के साथ-साथ घाटी के कुछ अन्य क्षेत्रों में सेवाओं को निलंबित रखा गया है।
सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति सामान्य
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय पूरी तरह काम कर रहे हैं। कर्मचारियों की उपस्थिति भी अच्छी है। 4,000 से अधिक प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालय कश्मीर में चालू हैं। शिक्षकों की उपस्थिति में सुधार हुआ है हालांकि बच्चों की उपस्थिति अभी कम है परंतु इसमें भी निरंतर सुधार हो रहा है।