जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले के सलवाह गांव से एमबीबीएस स्नातक रेहाना बशीर यूपीएससी परीक्षा पास करने वाली क्षेत्र की पहली महिला उम्मीदवार बन गई हैं। बशीर पूरे देश में 187वीं रैंक लेकर आई हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास सुविधाएं कम हैं लेकिन हम किसी से कम नहीं हैं। मैं बच्चों से कहना चाहूंगी कि अपने लक्ष्य के आगे किसी को बाधा न बनने दें।
रेहाना ने कहा कि यहां के स्कूलों को बेहतर बुनियादी ढांचे की जरूरत है। अगर मुझे यहां कोई पोस्टिंग मिलती है, तो मैं निश्चित रूप से इसके बारे में सोचूंगी। उन्होंने आगे कहा कि मुझे खुशी होगी और मेरा सपना पूरा होगा अगर मैं लोगों की सेवा करूं। मुझे बहुत खुशी है कि इस क्षेत्र की कई लड़कियों ने अब सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।