जम्मू-कश्मीर स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के नये सेशन के साथ बुधवार से एमए स्टेडियम में खेलों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें काउंसिल से मान्यता प्राप्त खेलों के लिए जूनियर खिलाड़ी दाखिला लेंगे। परीक्षाओं के बाद स्टेडियम में विभिन्न खेलों में बड़ी संख्या में जूनियर खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। काउंसिल के संभागीय खेल अधिकारी राजन शर्मा के अनुसार बुधवार से कार्यालय समय में नये खिलाड़ियों के पंजीकरण किए जा रहे हैं।
इस बार स्वीमिंग पूल के लिए भी नये दाखिले किए जाएंगे। स्पोर्ट्स काउंसिल से 53 खेलों में मान्यता प्राप्त है। इसमें अधिकांश खेल जम्मू और वाटर स्पोर्ट्स सहित अन्य खेल कश्मीर में खेले जाते हैं। नये वित्त वर्ष के शुरू होने के साथ पंजीकरण प्रक्रिया में भी तेजी आएगी। समर जोन की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं संपन्न होने पर बड़ी संख्या में खेलों में प्रतिभा दिखाने के लिए नये युवा खिलाड़ी पहुंचते हैं।
इस बार नये सेशन में एमए स्टेडियम में खेल ढांचे को भी विकसित किया जा रहा है, जिसमें मल्टीपर्पज इंडोर कांप्लेक्स प्रमुख है। इसके अलावा स्वीमिंग पूल की भी साफ-सफाई और मरम्मत का काम शुरू किया गया है। इस बार पूल को सीजनल ढंग से मई या उससे पहले शुरू किया जा सकता है। इसके अलावा नये फेंसिंग हाल, वेट लिफ्टिंग आदि पर भी काम हो रहा है।
तापमान बढ़ने के साथ जूनियर खिलाड़ियों को इंडोर खेलों में बैडमिंटन, जूडो, टेबल टेनिस, जिमनास्टिक, फेंसिंग आदि ज्यादा भाते हैं। इसी तरह आउटडोर खेलों में क्रिकेट, फुटबाल, एथलीट आदि खेल नये खिलाड़ियों को आकर्षित करते रहे हैं। नया सेशन शुरू होने के साथ छोटे बच्चों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्टेडियम पहुंचेंगे। पंजीकरण के लिए आवेदन और अन्य जरूरी तैयारी पूरी कर ली गई है। पिछले साल संशोधित हुई पंजीकरण फीस खिलाड़ियों से ली जाएगी।