मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का कहना है कि जम्मू के पर्यटन स्थलों पर पैकेजिंग टूरिस्ट को खींचना एक बड़ी चुनौती है। जिसे एक मिशन की तरह लेना होगा। इसी से इन पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा सकता है। मंगलवार को जम्मू, राजोरी, पुंछ, पत्नीटाप, भद्रवाह, किश्तवाड़, सरुईंसर मानसर और लखनपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ, संबंधित क्षेत्रों के विधायकों और एमएलसी के साथ मुफ्ती ने बैठक की और आगामी पीक सीजन के लिए रोड मैप तैयार किया।
उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह, परिवहन मंत्री अब्दुल गनी कोहली, सीएपीडी मंत्री चौधरी जुल्फीकार अली, पीडब्ल्यूडी मंत्री सुनील कुमार भी बैठक में उपस्थित थे। मुफ्ती ने कहा कि वह इस सीजन में इन सभी प्राधिकरण को निजी तौर पर मानीटर करेंगे। इन क्षेत्रों में पर्यटन ढांचा अभी विकसित नहीं किया जा सकता। प्राधिकरण को खुद इस काबिल बनना होगा कि अपने से पैसा लगाकर इनको विकसित कर सके।
रणजीत सागर डैम, बगलिहार डैम, मानसर लेक, सिंथन टाप, शहादरा शरीफ, बुड्ढा अमरनाथ और पुंछ की सात झीलों को इस पीक सीजन में बड़े पैमाने पर शो केस किया जाएगा। घरेलू और विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए सरकार को लंबे समय तक चलने वाले पर्यटन ढांचे की आवश्यकता है। बैठक में मौजूद लोगों से सीएम ने जम्मू में टूर पैकेज की जानकारी मांगी।
गुरेज पर्यटन विकास प्राधिकरण जल्द बनेगा: वीरी
बागवानी मंत्री अब्दुल रहमान वीरी ने सदन को सूचित किया कि गुरेज के लिए पर्यटन विकास प्राधिकरण बनाने का प्रस्ताव प्रक्रिया में है और इसे योजना और विकास विभाग के पास भेजा गया है। नजीर अहमद गुरेजी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि विभाग की रिपोर्ट का अध्ययन कर उस पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोलाब-बंगस-द्रानग्यारी पर्यटन विकास प्राधिकरण भी बनाया जाएगा, ताकि इन क्षेत्रों में पर्यटन स्थलोें को विकसित किया जा सके।