रेल मंत्री सुरेश प्रभु और जम्मू पुंछ लोकसभा के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने बुधवार को रेल भवन नई दिल्ली से जम्मू रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का अनावरण किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुए कार्यक्रम में देश में 400 रेलवे स्टेशनों में से 23 रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकास के लिए प्रथम चरण में चुनकर उनमें यात्रियों की सुविधा और स्टेशन को शानदार बनाने जिसमें डिजिटल सिगनेज, इस्कालेटर, इलिवेटर, सेल्फ टिकटिंग काउंटर, एग्जीक्यूटिव लांज, लग्गेज स्क्रीनिंग मशीनें, वाकवे, नि:शुल्क वाई फाई आदि सेवाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
सांसद जुगल किशोर शर्मा का कहना है कि देश में प्रथम चरण में चुने गए 23 रेलवे स्टेशनों में जम्मू रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकास के लिए जगह मिलने से जम्मू स्टेशन का कायाकल्प होगा और यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उनका कहना है कि उत्तर भारत में केवल जम्मू और फरीदाबाद रेलवे स्टेशनों को ही प्रथम चरण में पुनर्विकास के लिए चुना गया है। ऐसे में जम्मू से सांसद होने के नाते उनके लिए भी यह बड़ी उपलब्धि है। सांसद ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु का जम्मू रेलवे स्टेशन को पुनर्विकास के लिए चुनने पर धन्यवाद भी किया है।