संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नगर के वार्ड चार के राम गली मोहल्ले में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी करने के एक आरोपी को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ा और पुलिस के हवाले किया।
स्थानीय निवासी ओम प्रकाश ने एक युवक को उनके घर के पास बने स्टोर में जाते देखा। इसकी सूचना उन्होंने अपने बेटों को दी। मौके पर जाकर युवक को दबोचा गया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पहले भी इस स्थान पर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है।
आरोपी ने बताया कि दो दिन पहले उसने जहां से सामान चुराया था वहां कुछ चीजें छूट गई थीं जिन्हें लेने के लिए वह आया था। पुलिस युवक को थाने ले गई। वहां उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि उक्त युवक बस अड्डे पर एक दुकान पर बर्तन वगैरह साफ करने का काम करता है।