पोरा कोटला में ब्लॉक दिवस पर एडीडीसी को लोगों ने बताई समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। तहसील पौनी की पंचायत पोरा कोटला में बुधवार को एडीडीसी सुखदेव सिंह संब्याल की अध्यक्षता में ब्लॉक दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें स्थानीय लोगों जनहित के मुद्दों को उठाते हुए निदान की गुहार लगाई। मुख्य रूप से स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की कमी दूर करने की अपील की गई।
स्थानीय लोगों ने राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोरा कोटला की इमारत को अपग्रेड करने व खेल का मैदान बनाने के लिए कहा। आधार शिविर रनसू से शिवखोड़ी गुफा तक पैदल रास्ते में लगे हुए सीसीटीवी कैमरों व बिजली व्यवस्था को सही करने, घोड़ा व पिट्ठू वालों के लिए शेड बनाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे करवाने की अपील की गई। साथ ही बस स्टैंड रनसू में लाइट की व्यवस्था करने को कहा।
एडीडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए बचनबद्ध है। समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा। इस मौके पर प्रोजेक्ट अधिकारी पोषण मोहम्मद अनवर बांडे, एसीडी प्रदीप कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुनीता बाली आदि मौजूद रहे।