रियासत में बाढ़ के बाद उपजे हालात और जम्मू कश्मीर नेशनल हाईवे के बंद रहने से कई इलाकों में राशन तक नहीं पहुंच पा रहा है। जम्मू संभाग में दर्जनों इलाके राशन की सप्लाई से कट चुके हैं। राशन नहीं पहुंचने की वजह से ऐसे इलाकों में आने वाले दिनों में राशन के लिए हाहाकार मच सकता है।
जानकारी के अनुसार रियासत के किश्तवाड़ जिले के मड़वा और दच्शन में रहने वाले हजारों लोगों तक सितंबर महीने का राशन नहीं पहुंचा है। इन जिलों में कश्मीर घाटी के अनंतनाग जिले से राशन के स्टोर से जन वितरण प्रणाली के तहत राशन की सप्लाई होती है लेकिन कश्मीर में बाढ़ की वजह से जन वितरण प्रणाली के तहत राशन की सप्लाई नहीं हो पा रही है।
राशन की सप्लाई का काम ठप
जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद होने से बनिहाल समेत सड़क संपर्क से कटे इलाकों में राशन की सप्लाई का काम ठप पड़ चुका है।
उपभोक्ता और जन वितरण विभाग जम्मू के निदेशक जीएस चिब का कहना है कि सड़क संपर्क से कटे इलाकों में राशन की सप्लाई पहुंचाने में परेशानी आ रही है।
उनका कहना है कि किश्तवाड़ जिले के मड़वा और दच्शन में अनंतनाग जिले से राशन की सप्लाई होती है। जो अब नहीं हो पा रही है। संभाग में करीब 70 फीसदी इलाकों में राशन की सप्लाई हो रही है।
जम्मू में भी राशन की सप्लाई नहीं
दूरदराज इलाकों को तो छोड़िए शहर के कई इलाकों में भी राशन की सप्लाई सितंबर महीने में नहीं हो र्पाई है। राशन डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान प्रभु दयाल शर्मा का कहना है कि पटोली, तोप शेरखानियां, पलौड़ा, गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में राशन की सप्लाई नहीं हुई है।
उनका कहना है कि विभाग में कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से भी राशन की सप्लाई में जानबूझ कर देरी की जा रही है। एसोसिएशन के महासचिव संजय अबरोल का कहना है कि जो इलाके सड़क संपर्क से जुड़े भी हैं, उन्हें भी राशन की सप्लाई न होना हैरानी करने वाला है और उपभोक्ताओं के गुस्से का शिकार राशन डीलरों को होना पड़ता है।