संघ परिवार ने इस बार कश्मीर फतह के लिए कार्ययोजना पर अमल शुरू कर दिया है। पार्टी महासचिव जेपी नड्डा को केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद अब मिशन कश्मीर की कमान पूरी तरह महासचिव राम माधव को सौंप दी गई है। हांलाकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन राम माधव मिशन 44 प्लस के लिए श्रीनगर में कैंप कर रहे हैं।
पहले नड्डा के साथ सांसद अविनाश राय खन्ना को मिशन कश्मीर पर लगाया गया था। खन्ना अब भी रियासत के प्रभारी के बतौर मिशन में जुटे हैं। संघ परिवार ने अब सभी अनुशांगिक संगठनों को अभी नहीं तो कभी नहीं का साफ संदेश दे दिया है। भाजपा और संघ के रणनीतिकार मानते हैं कि इस बार मोदी लहर का जम्मू और लद्दाख में फायदा मिल सकता है। कश्मीर के लिए छोटे दलों से तालमेल और मोदी के विकास पुरुष की छवि से कश्मीरियों को लुभाने की रणनीति बनी है।
संघ में दूसरे नम्बर के ओहदे पर आसीन सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी का जम्मू दौरा कार्ययोजना पर अमल का ही हिस्सा माना जा रहा है। जोशी ने जम्मू में विश्व हिन्दू परिषद, विद्यार्थी परिषद और बजरंग दल समेत तमाम अनुशांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में दिशानिर्देश दिए। संघ परिवार ने बाढ़ के दौरान राहत कार्य भी चलाया था।