अयोध्या में राम लला विराजमान के एक वर्ष पूरे होने पर कहीं यज्ञ कहीं भंडारे
आरएस पुरा। उपजिला में श्रीराम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का एक साल पूरा होने पर भगवान राम की विशेष पूजा-अर्चना के साथ भंडारों का आयोजन किया गया।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर लोगों ने घरों में भगवान राम की विधिवत पूजा की और मंदिरों में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।आरएस पुरा कस्बे के मंदिरों में विशेष तौर पर भंडारों का आयोजन किया गया। बाजार में कई सामाजिक संगठनों व दुकानदारों की ओर से स्टाल लगाए,
जिसमें भक्तजनों को जलपान करवाया गया।
वहीं कस्बे के बाना सिंह स्टेडियम से हनुमान संगठन ने शोभायात्रा निकाली। इसमें शामिल भक्तजनों ने भगवान श्री राम के उद्घोष लगाकर राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का एक साल पूरा होने पर महिलाओं ने ट्रालियों पर सवार होकर भगवान राम का गुणगान किया। युवाओं ने बाइक पर सवार होकर भगवान राम के उद्घोष लगाए। रामेश्वरधाम के स्वामी प्रकाशानंद ने कहा कि भगवान राम की पूजा अर्चना करने से व्यक्ति की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही व्यक्ति को मानसिक शांति भी मिलती है।
मीरां साहिब के मंदिरों में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ गांव-गांव में ग्रामीणों ने शोभायात्रा निकालकर भगवान राम का गुणगान किया। कस्बे के कई सामाजिक संगठनों और दुकानदारोंं ने स्टाल लगाकर राहगीरों को जलपान करवाया। संवाद
शोभायात्रा में पहुंचे सुंगल सुमाह और पलवां के श्रद्धालु
अखनूर। अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ और प्रयागराज में महाकुंभ के शुभ अवसर पर अखनूर बाजार में बुधवार को शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें सुंगल, सुमाह, पलवां, सोहल, और पंजगराईं सहित आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी की मनमोहक झांकियां निकाली गई।धार्मिक गीतों और जयकारों से वातावरण गूंज उठा। शोभायात्रा का शुभारंभ सुंगल मोड़ से हुआ। यह निर्दोष चौक, बस स्टैंड, राधा चौक से होकर गुजरी और रामा पैलेस में विधिवत समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान राम की आरती और पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा के दौरान गणेश शर्मा ने कहा, ‘भगवान राम के आदर्श न केवल हमारे धार्मिक जीवन को दिशा प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों की स्थापना में भी सहायक हैं।
शोभायात्रा में समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी की। इनमें पूर्व सरपंच रामपाल शर्मा, अंजू शर्मा, सुरेश जमवाल, कैप्टन श्याम लाल, पूर्व सरपंच किशोरी शर्मा, सोमनाथ शर्मा, पूर्व सरपंच बबलू शर्मा, रजनी शर्मा, प्रीतम लाल, हरबंस लाल, पूर्ण चंद, संजय शर्मा, हरबंस शर्मा, और पुजारी राजेश तिवारी माैजूद रहे। संवाद