सांबा। महाराजा हरि सिंह के जन्म दिवस पर सरकारी अवकाश को लेकर युवा राजपूत सभा के सदस्यों ने रैली निकाली। रैली महाराजा हरि सिंह चौक से शुरू होकर पुराना बाजार, सुंब मार्ग, लिंक मार्ग, मुख्य चौक से होते हुए वापस महाराजा हरि सिंह चौक पर पहुंचकर समाप्त हुई।
युवा राजपूत के सदस्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि जब तक सरकारी अवकाश की घोषणा नहीं की जाती उनका संघर्ष जारी रहे गा। उन्होंने कहा कि लखनपुर से लेकर लद्दाख तक डोगरा साम्राज्य रहा है। आज यदि जम्मू-कश्मीर में तिरंगा फहराया जा रहा है, तो वह महाराजा हरि सिंह की बदौलत ही है।
महाराजा के जन्म दिवस पर छुट्टी की घोषणा करवा कर ही रहेंगे। बिरादरी के युवाओं ने कहा कि प्रशासन ने धारा 144 लगाकर डोगरों का अपमान किया है। सरकार अवकाश की घोषणा नहीं करेगी, तो युवा राजपूत सभा दिल्ली का भी घेराव करने की तैयारी करेंगे। रैली में सांबा, गुडा सलाथिया और हीरानगर के युवा राजपूत संगठन के सदस्य शामिल थे।