जम्मू। नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर तैनात सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को रविवार को रक्षाबंधन पर स्कूली छात्राओं, महिलाओं ने राखी बांधी। सैन्य शिविरों में कार्यक्रम करवाए गए। स्थानीय लोगों ने सेना, अर्द्धसैनिक बल और पुलिस कर्मियों को राखी बांधने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए।
सीआरपीएफ प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू में सीआरपीएफ समूह मुख्यालय में भारत रक्षा पर्व का आयोजन किया गया। आगंतुकों ने अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधी। डोडा जिले के भद्रवाह में सरकारी डिग्री कॉलेज में एनसीसी कैडेट ने सेना के शिविर में सैनिकों को राखी बांधी। वीडियो में एक युवती सांबा जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास शिविर में बीएसएफ जवान को राखी बांधती दिखी। बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि हम अपनी बहनों के शुक्रगुजार हैं, जो हमारे साथ त्योहार में शामिल हुईं और परिवारों से दूर रहने के बावजूद हमें घर जैसा महसूस कराया।
------
मुस्लिम बेटियों ने भी सैनिक भाइयों बांधा रक्षा सूत्र
मुस्लिम समुदाय की बेटियों ने पुंछ जिले के मेंढर में नियंत्रण रेखा के पास सेना के जवानों को राखी बांधी। उधमपुर जिले में आदर्श कॉलोनी के निवासियों ने एक साथ त्योहार मनाकर सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल कायम की। कई हिंदू बहनों ने अपने पड़ोसी मुस्लिम भाइयों को राखी बांधी, जबकि मुस्लिम बहनों ने भी हिंदू भाइयों को राखी बांधी।