नशीली दवा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई विशेष मुहिम के तहत राजोरी पुलिस ने दूसरे दिन एक साथ 12 और तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी राजोरी युगल मन्हास के अनुसार जिला पुलिस ने कुछ दिन पहले एक विशेष बैठक आयोजित कर ऐसे दवा तस्करों की एक सूची तैयार की थी। जो जिले के दूर दराज इलाकों में पिछले काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी करने के काम कर रहे थे।
वह पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुके थे। यह सभी 12 तस्कर अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। कानून व्यवस्था को खराब करने व मारपीट करने के मामले भी दर्ज हैं। एसएसपी के अनुसार पुलिस की इंटेलीजेंस एजेंसियों ने भी गहन छानबीन कर बुद्धल कोटरंका व थन्नामंडी में 12 तस्करों को पकड़ा है।
सभी को धर दबोचने के लिए एसएचओ बुद्धल जहांगीर अहमद, एसएचओ कोटरंका अरुण कोतवाल, डीएसपी आपरेशन सुखदेव सिंह और एसएचओ थन्नामंडी करण चलोत्रा की अगुवाई में विशेष टीमों गठन कर सभी को इन कुख्यात तस्करों को पकड़ा गया। कार्यकारी मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद सभी को जिला जेल ढांगरी में बंद कर दिया गया है। वहीं, बुद्धल के समोट इलाके में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर तस्करों को गिरफ्तार करने से रोकने का प्रयास भी किया गया। लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली।