सुंदरबनी। उपजिला प्रशासन ने बुधवार को बाजार से अतिक्रमण हटाया। अधिकारियों ने सुंदरबनी पुलिस के साथ मिलकर बाजारों में दुकानदारों की ओर से सड़क पर रखे सामान और जगह-जगह बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाते हुए 12 से अधिक दोपहिया वाहनों को जब्त किया है। नगर में पिछले कुछ दिनों से दुकानदारों ने सड़क पर सामान लगाकर अतिक्रमण किया था। इससे जाम की समस्या बनी हुई थी।
एडीसी विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत अधिकारियों ने दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया। एडीसी ने बताया कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद