जिले की अतिसंवेदनशील बनी सब डिवीजन के कई इलाकों से सेना हटाने की प्रक्रिया पर स्थानीय विधायक ने भी आपत्ति दर्ज करवाई है।
बनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक जीवनलाल ने कहा है कि बनी में सेना की मौजूदगी हर हाल में रहनी चाहिए। अतिसंवेदनशील होने की वजह से सेना की मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस मामले पर उन्होंने बाकायदा सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अफसरों से बात की है। राज्य के डिप्टी सीएम डॉ निर्मल सिंह और राज्य के पुलिस महानिदेशक के संज्ञान में इस मामले को लाया गया है।
विधायक ने कहा कि उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि बनी में सेना की तैनाती को कायम रखने की व्यवस्था की जाएगी। बहरहाल विधायक जीवन लाल ने कहा कि यदि आश्वासन के बावजूद भी सेना हटाने की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाता है तो वह इस मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से बनी के अतिसंवेदनशील इलाकों से सेना को हटाने की प्रक्रिया चलाई जा रही है। ढग्गर, धमान सहित कई अन्य ग्रामीण इलाकों में इस प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों ने विरोध भी दर्ज करवाया है। ग्रामीण बाकायदा एसडीएम बनी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेज चुके हैं।