दोमाना पुलिस थाना अंतर्गत बनतालाब में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह सुबह घर से निकला था।
उसके भाई ने उसे इलाज के लिए जीएमसी में पहुंचाया। यहां पर जांच के दौरान डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक आंचल कुमार (45) लोवर बरनाई का रहने वाला है। पुलिस को परिवार से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर को वह बनतालाब इलाके में पहुंचा।
यहां एक ढाबे पर रोटी खाने के लिए रुका। खाना खाने के बाद ढाबे के बाहर ही गिर गया। स्थानीय लोगों ने परिवार वालों को सूचित किया। इसके बाद मृतक का भाई मौके पर पहुंचा और उसे उठाकर इलाज के लिए ले जीएमसी पहुंचाया। यहां जांच के दौरान डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार को अलग-अलग स्थान पर अचेत अवस्था में मिले दो लोगों की जीएमसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। बाग-ए-बाहु थाना अंतर्गत इलाके में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला था। राहगीर ने पुलिस को बताया तो व्यक्ति को जीएमसी पहुंचाया। व्यक्ति की उम्र चालीस साल के करीब है।
दूसरा मामला सिद्दड़ा में सामने आया था। यहां पर सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। इसकी उम्र भी चालीस के आसपास है। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया। रविवार को उपचार के दौरान इनकी मौत हो गई।