भारी बारिश और खराब मौसम ने वीरवार को रक्षा मंत्री मनोहर परिकर और सैन्य प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग की द्रास उड़ान पर ब्रेक लगा दी। रक्षा मंत्री और सेनाध्यक्ष को द्रास में कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि देने आना था। दोनों द्रास दौरा रद्द कर नई दिल्ली लौट गए।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार खराब मौसम के कारण रक्षा मंत्री, सैन्य प्रमुख और उत्तरी कमान के जीओसी इन सी द्रास के लिए रवाना नहीं हो पाए। रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख सुबह ही श्रीनगर पहुंच गए थे।
वह द्रास जाने के लिए काफी देर तक मौसम के साफ होने का इंतजार करते रहे। पर मौसम में कोई सुधार नहीं होने के चलते द्रास के लिए उड़ान नहीं जा सकी।
रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख का दौरा रद्द होने के बाद द्रास में वार मेमोरियल में एक पुष्पांजलि समारोह हुआ। इसमें 14 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल एसके पटियाल ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
नई दिल्ली लौटने से पहले रक्षा मंत्री ने सैन्य अधिकारियों से रियासत की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। एलओसी पर हाल ही में सेना द्वारा आतंकियों के खिलाफ चलाए गए आपरेशन से भी परिकर को अवगत करवाया गया।