रियासी। जिले में वीरवार सुबह से शाम तक लगातार बारिश जारी रही, जिससे सभी नदी-नाले उफान पर हैं। इसके अलावा चिनाब दरिया के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सलाल पावर प्रोजेक्ट प्रबंधन की तरफ से लोगों को दरिया के किनारे नहीं जाने की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, बारिश के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बाजार खुलने के बाद भी रौकन नहीं देखी गई। बारिश के कारण लोग घरों में कैद रहे। वहीं, बिजली ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे कई इलाकों में बिजली बंद है। नगर में भी बिजली की आंखमिचौनी जारी रही। पुलिस विभाग की तरफ से लोगों को नदी-नालों के करीब नहीं जाने की हिदायत देने के साथ ही आपात स्थिति के लिए मोबाइल हेल्प नंबर जारी किए गए हैं।