रियासी। जिले में सोमवार देर रात को शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रही। इस कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं, बारिश और बर्फीली हवाएं चलने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ी क्षेत्र माहौर, दरमाड़ी में ताजा बर्फबारी हुई है। कीचढ़ और फिसलने बढ़ने से कई सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे कई इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
पौनी से दरम्मन बयुलियां गांव की तरफ जाने वाली मुख्य सडक मार्ग पर डाला गया तारकोल उखड़ गया है। वहीं, बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है। स्थानीय निवासी राजेश केसर ने कहा कि रियासी में जैसे ही बारिश शुरू होती है बिजली बंद हो जाती है। भागा के मुन्ना शर्मा ने बताया कि लोगों की परेशानी को देखते हुए बिजली विभाग को व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए। अनिल शर्मा का कहना है कि विभाग बिल में कोई कटौती नहीं करता है लेकिन बिजली की कटौती को बिना किसी कारण किया जाता है। रवि शर्मा के मुताबिक करोड़ों रुपये खर्च कर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं है जिस की जांच की जानी चाहिए।