रियासत में रविवार को राहत की बारिश के साथ मौसम सुहाना हो गया। जिला उधमपुर के अधिकांश इलाकों में हलकी और तेज बारिश के कारण कई जगह पस्सियां गिर गई हैं। चिनैनी में तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं। घाटी के अधिकतर इलाकों में बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है।
जम्मू संभाग में दिन का पारा सामान्य से 6-8 डिग्री नीचे गिर गया है। इस बीच जम्मू से श्रीनगर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा जारी रहा। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। जिला उधमपुर के पर्यटक स्थल पत्नीटाप, चिनैनी, रियासी, रामनगर समेत कई अन्य इलाकों में बारिश से पारा गिर गया है। जिला कठुआ में दिन भर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा।
जिले के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश से बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। राजोरी जिले के अधिकतर स्थानों पर तेज बारिश हुई है। दरहाल तहसील के डोडाज क्षेत्र में बिजली गिरने से 39 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। जिला जम्मू के अधिकतर हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हलकी बारिश होती रही। डीएसपी ट्रैफिक हाईवे दिनेश गुप्ता के अनुसार मौसम से हाईवे पर असर नहीं पड़ा है। रविवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए 2700 बड़े और 1800 हलके वाहनों को छोड़ा गया। रामबन-बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन और गिरते पत्थर हाईवे के लिए चुनौती बने रहे हैं।