जम्मू में दिन का पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच जाने के बाद रविवार को अचानक मौसम बदल गया। राज्य के अधिकतर हिस्सों में तेज और हल्की बारिश से लोगों को बढ़ती तपिश से राहत मिली है। हालांकि, बारिश के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बहाल रहा।
बारिश के साथ ओलावृष्टि से तैयार फसल को नुकसान पहुंचा है। इस बीच, न्यूनतम 1.9 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ कारगिल सबसे सर्द रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की बारिश होगी।
रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में गत शनिवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रुक रुक कर रविवार देर शाम तक जारी था। यहां 24 घंटों में 226 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे दिन का पारा गिरकर 14.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जम्मू संभाग के रामबन क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।
पर्यटक स्थल पत्नीटाप, नत्थाटाप में तेज बारिश हुई। जिला राजोरी के अधिकतर हिस्सों में भी बारिश से पारा गिर गया है। जम्मू के आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। यहां दिन का पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में 30.6 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में 19.8 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।