रियासत में शनिवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले। घाटी के कई मैदानी और पर्वतीय इलाकों में बारिश से पारे में फिर गिरावट आई है, लेकिन दूसरी ओर से जम्मू संभाग के अधिकांश क्षेत्र में तपिश बरकरार रही।
जम्मू का पारा लगातार तीस डिग्री से ऊपर चल रहा है। इस बीच न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री के साथ कारगिल सबसे ठंडा जिला रहा। आगामी दिनों में मौसम साफ रहने से तापमान में और उछाल आएगा।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार की सुबह 4 से 9 बजे तक मूसलाधार बारिश के बाद दोपहर को रुक-रुक कर आसमान से पानी बरसता रहा। घाटी के अप्पर भट्ट, साधना टाप, राजदान पास, जोजीला आदि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई।
मौसम में आए बदलाव से घाटी के अधिकांश इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट आई है। श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से 3.3 डिग्री गिरकर 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।