कुछ दिन साफ मौसम रहने के बाद अगले चौबीस घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में लोगों को बारिश और बर्फबारी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले तीन दिन 23 दिसंबर तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की भविष्यवाणी की है।
इस बीच हसीन वादियों के बीच बसे श्रीनगर में मौसम साफ रहने से मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री ऊपर चढ़कर 12.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लेकिन लेह और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रातों में सर्द हवाओं से पारा शून्य से नीचे चल रहा है।
रियासत में लेह न्यूनतम तापमान माइनस 15.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द चल रहा है। कारगिल माइनस 14.6 डिग्री तापमान के साथ दूसरे नंबर पर है। श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 2.4 डिग्री तक चला गया। साउथ कश्मीर में पहलगाम में रात का रिकार्ड माइनस 5.4 तापमान दर्ज किया गया।
काजीकुंड में भी कोई राहत नहीं मिल पाई है और यहां न्यूनतम पारा माइनस 3.6 डिग्री रहा। कश्मीर घाटी में चिल्ले कलां के तहत सबसे सर्द मौसम चल रहा है। जम्मू में अधिकतम तापमान 18.6 और न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा।