जम्मू। शहर के रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन अब सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगी। वाशिंग लाइन में सफाई और धुलाई के लिए आने वाली ट्रेनों में बढ़ती चोरियों को रोकने और सफाई व्यवस्था को यकीनी बनने के लिए 17 अच्छी गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। रेलवे वाशिंग लाइन में कुछ महीने पहले जीआरपी ने सर्च ऑपरेशन के दौरान पिस्तौल भी बरामद की थी।
सुरक्षा के हिसाब से अतिसंवेदनशील शहर के रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है। इस कड़ी में रेलवे प्रबंधक ने वाशिंग लाइन को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया है। वाशिंग लाइन पर प्रतिदिन एक दर्जन के करीब ट्रेनों की धुलाई की जाती हैं। इनमें प्रीमियम और सेकेंडरी ट्रेनें शामिल हैं। वाशिंग लाइन पर ट्रेन की सफाई के दौरान ट्रेनों से सामान चोरी और स्वच्छता को लेकर काफी शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में रेलवे प्रबंधक की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगने से इन मामलों में कमी आनी की उम्मीद है। सीसीटीवी की मॉनीरिंग रेलवे का एसईई/सीएंडडब्लू विभाग कर रहा है। रेलवे वाशिंग लाइन की सफाई का ठेका भी निजी ठेकेदार के पास है, लेकिन वाशिंग लाइन गंदगी को लेकर रेलवे कर्मचारी अकसर शिकायत करते हैं। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे लगने से रेलवे अधिकारी वाशिंग लाइन गंदगी और कर्मचारियों की गतिविधियों को भी देख पाएंगे।
सुरक्षा मामले में भी उपयोगी
रेलवे वाशिंग लाइन चारों ओर से खुली है। वाशिंग लाइन के रास्ते से कोई भी शरारती तत्व बिना किसी जांच के रेलवे प्लेटफार्म तक पहुंच सकता है। वाशिंग की दीवार और निगरानी नहीं होने से कुछ माह पहले जीआरपी ने चेकिंग के दौरान एक लावारिस बैग से पिस्तौल बरामद की थी। रेलवे वाशिंग लाइन में सीसीटीवी लगने से अब सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता होगी।