जम्मू। मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर ने रविवार को जम्मू रेलवे स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने ट्रेनें रद्द रहने के कारण बनी स्थिति का जायजा लिया और रेलवे द्वारा की गई व्यवस्था को देखा। मंडलायुक्त ने स्टेशन पर कोविड टेस्ट के लिए बने केंद्रों का भी निरीक्षण किया और ट्रेनों के सामान्य रूप से चलने पर कोविड टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीटीएम जम्मू रेलवे स्टेशन महेश यादव ने मंडलायुक्त को रेलवे स्टेशन के कामकाज की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रेनें रद्द रहने से यात्रियों की परेशानी को देखते हुए कटड़ा से अमृतसर तक एक जोड़ी ट्रेन चलाई गई है। ये ट्रेन कटड़ा से दोपहर 12 बजे चलती और अमृतसर में शाम 6 बजे पहुंचती है। इस तरह वापसी में अमृतसर से दोपहर 12 बजे चलती है और शाम छह बजे कटड़ा पहुंचती है। मंडलायुक्त ने प्लेटफार्म पर दी जा रही यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया।
---
सातवें दिन भी रद्द रही ट्रेनें
पंजाब में किसानों के प्रदर्शन के चलते एक सप्ताह से रेल यातायात प्रभावित है। रविवार को भी जम्मू-कटड़ा-उधमुपर आने वाली सभी ट्रेनें रद्द रहीं। ट्रेनों के रद्द रहने से जम्मू रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है। प्लेटफार्म से लेकर यात्री विश्राम केंद्र खाली पड़े हैं। ब्यूरो