-9,346 लोग बिना टिकट के पकड़े और 53 यात्रियों को गंदगी फैलाने पर हुआ जुर्माना
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ट्रेनों में बिना टिकट के सफर करने व स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों पर रेलवे कड़ी कार्रवाई कर रहा है। नवंबर में रेलवे ने 9,346 लोगों को बिना टिकट सफर करते पकड़ा। इनसे 57 लाख और 53 यात्रियों से गंदगी फैलाने पर 17 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
जम्मू रेलवे मंडल ने टिकट चेकिंग के लिए विशेष टीमें बनाई हैं। टीम ने नवंबर में जम्मू, कटड़ा, पठानकोट कैंट, पठानकोट सिटी, श्रीनगर सहित अन्य रेलवे स्टेशन पर औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। इसका उद्देश्य ट्रेनों व स्टेशन पर यात्रियों के अनधिकृत प्रवेश को रोकना है। इससे न सिर्फ मंडल के रेलवे स्टेशन साफ सुथरे होंगे बल्कि वैध टिकट से सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा भी मिलेगी। रेलवे ने हर स्टेशन के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। ये टीमें औचक निरीक्षण करती हैं। जम्मू मंडल हर महीने इस तरह का अभियान चलाता है।