- जम्मू से नई दिल्ली, चेन्नई और कोलकाता के लिए रविवार को चलाई गईं विशेष ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू में फंसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रेलवे उनके घर भेजने में लगा हुआ है। 26 अगस्त के बाद से लगातार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रविवार को भी जम्मू रेल मंडल से तीन ट्रेनों में 1500 से अधिक लोगों को उनके घर भेजा गया।
जम्मू रेलवे स्टेशन से रविवार को ट्रेन संख्या 03152 दोपहर दो बजे कोलकाता के लिए रवाना हुई। इसमें करीब 450 से 500 यात्रियों को भेजा गया। ये लोग 26 अगस्त से जम्मू और कटड़ा में फंसे हुए थे। ट्रेन संख्या 04676 जम्मू-चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन को शाम चार बजे रवाना हुई। इसमें करीब 400 लोगों को घर भेजा गया। दिन की अंतिम ट्रेन जम्मू-नई दिल्ली में 700 के करीब लोगों को भेजा गया। बीते छह दिनों से कठुआ-माधोपुर रेल सेक्शन पर लाइन में मिसलिग्न्मेंट होने के चलते ट्रेनों का नियमित परिचालन ठप पड़ा है। रेलवे केवल विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। रविवार को रेलवे ने जम्मू आने-जाने वाली 50 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दीं। 26 से 31 मार्च तक रेलवे ने दस से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन कर करीब दस हजार से अधिक यात्रियों को उनके घर भेजा है।
-
आज भी 54 ट्रेनें रहेंगी रद्द
कठुआ-माधोपुर रेल सेक्शन पर मिसलिग्न्मेंट के कारण एक सितंबर को भी 54 ट्रेनें रद्द रहेंगी। ये सभी नियमित ट्रेनें है। लगातार ट्रेनों के रद्द होने से जम्मू रेल मंडल का देश के अन्य हिस्सों के साथ संपर्क कट रहा है। सिर्फ जम्मू से ही विशेष ट्रेनों को भेजा जा रहा है। नियमित ट्रेनों का परिचालन पूरा तरह से ठप रखा गया है। इनमें वंदेभारत, बेगमपुरा, राजधानी, टाटा मुरी जैसे नियमित ट्रेनें शामिल हैं।