नए बनाए गए ब्लाक में कुछ पदों को खत्म करने का ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। बुधवार को शहीद भगत सिंह पार्क में एकत्रित होकर कर्मचारियों ने रूरल डेवलेपमेंट इंपलाइज फेडरेशन के बैनर तले सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा जिन पदों की आवश्यकता है उन्हें बनाया ही नहीं गया है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे फेडरेशन के अध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि हाल ही में 177 नए ब्लाक बनाए गए हैं लेकिन ब्लाक के कार्य को चलाने के लिए जिन कर्मचारियों और अधिकारियों की आवश्यकता होती है वह बनाए ही नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत इंस्पेक्टर के साथ वर्क सुपरवाइजर का पद बंद कर दिया गया।
जबकि पुराने ब्लाकों में यह पद हैं। ऐसे में नए ब्लाकों में इन पदों को जारी रखना चाहिए। इस मौके पर अशोक कुमार ने कहा कि सरकार पदों की संख्या कम करके पैसा बचाने में लगी है युवाओं को बेरोजगारी की ओर धकेल रही है। जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां कभी भी स्पष्ट नहीं हुई हैं। ऐसे में अगर सरकार ने उनकी मांग पूरी नहीं की तो वह उग्र आंदोलन करेंगे जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस मौके पर रोशन लाल, राज किशोर सिंह, नरदेव सिंह, हेम राज, लोकेश्वर शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।