रामगढ़। कस्बे रामगढ़ के सीएचसी अस्पताल के बाहर चरमराई सफाई व्यवस्था से हर तरफ गलियों और नालियों में गंदगी का जमावड़ा लग रहा है। नगर पालिका के अधीन वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मियों के न पहुंचने से आम लोगों और मरीजों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि मौसम में बदलाव के साथ ही गंदगी से पैदा होने वाले घातक मच्छर और मक्खियां लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
वार्ड में रहने वाले लोग इन घातक जीवाणुओं का शिकार होकर रोगों के शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासी अनिल कुमार, राजू गुप्ता, अशोक कुमार, मोनू गुप्ता, दर्शन लाल, काली दास, आदि ने कहा कि नालियों का निकास न होने से सारा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है और लोग अपने घरों की चौखट से आगे का हिस्सा खुद साफ करके गंदगी को आगे धकेल देते हैं। इससे नालियां साफ तो नहीं होतीं लेकिन गंदगी जमा जरूर हो जाती है। नालियों में जमा गंदगी और गलियों में पड़ा कचरा बदबू पैदा करता है। वहीं, गर्मी शुरू होते ही मच्छरों की तादाद भी बढ़ती जा रही है। लोगों ने कहा कि नगर पालिका इन नालियों की ओर ध्यान दे ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।