जम्मू विश्वविद्यालय में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। कुछ छात्र संगठनों के बैनर तले स्थानीय विद्यार्थियों ने प्रदर्शन कर कश्मीर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को खेलने से रोक दिया। विश्वविद्यालय में चल रही अंतर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स मीट में बास्केटबाल, क्रिकेट और वालीबाल के खिताबी मुकाबले बीच में बंद करने पड़े।
दिनभर तनाव के बीच कुछ विद्यार्थियों ने भारत समर्थक नारेबाजी करते हुए खेल मैदानों पर धरना देकर कश्मीर विश्वविद्यालयों को खिलाने का विरोध किया। विवि में शुक्रवार सुबह से शुरू हुआ यह घटनाक्रम शाम तक चला।
इससे कश्मीर विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी वापस चले गए। वे गत दिवस अंतर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स मीट के उद्घाटन पर कश्मीर के एक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान का सम्मान न करने का विरोध कर रहे थे।