जम्मू। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में वीरवार को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रेस क्लब के बाहर सब्जी बेचकर शिक्षित युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी को दर्शाया। कहा कि प्रदेश में पीएचडी स्कॉलर, एलएलबी, बीटेक और इंजीनियर तक बेरोजगारी से तंग आकर सब्जी बेचने को मजबूर हैं।
युवा इकाई के उपाध्यक्ष रफीक अहमद खान ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में करीब डेढ़ लाख पद खाली पड़े हैं। सरकार को इन सभी पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, ताकि बेरोजगार युवाओं को राहत मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने रोजगार दो के नारे लगाते कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं में दिन-प्रतिदिन नाराजगी बढ़ती जा रही है। ऐसे में सरकार को युवाओं के हित में रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए।
अपनी पार्टी युवा इकाई के महासचिव अभय बकाया ने कहा कि सरकारी क्षेत्र में रोजगार की प्रक्रिया तेजी से शुरू न होने से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा ओवरएज होते जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष शहरी वैभव मट्टू, जिला अध्यक्ष अपनी पार्टी ट्रेड यूनियन अनिरुद्ध, सोहेल खजूरिया, जितेंद्र सिंह, दीपक, विपुल बाली भी मौजूद रहे।