मीरां साहिब। ट्रेड यूनियनों के भारत बंद के आह्वान पर कस्बे में वामपंथियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान रोष मार्च भी निकाला गया। प्रदर्शन जम्म-कश्मीर किसान तहरीक के राज्य प्रधान किशोर कुमार की अध्यक्षता में हुआ। शहीद भगत सिंह कालोनी से निकाले गए मार्च में किशोर कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने के बजाय केवल धर्म के नाम पर ही राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है, लेकिन केन्द्र सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय पाकिस्तान का नाम लेकर गुमराह कर रही है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल आम आदमी पार्टी के जम्मू जिला सचिव ओम प्रकाश खजूरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नामुमकिन को मुमकिन करने का नारे दे रहे हैं जबकि उन्हें सबसे पहले महंगाई, बेरोजगारी जैस मुद्दे का समाधान करना चाहिए। वह सीएए और एनआरसी को मुद्दा बनाकर लोगों की आवाज दबाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि दिन ब दिन शिक्षित युवा वर्ग की संख्या बढ़ रही है। इसका कोई समाधान नहीं किया जा रहा। देश की अर्थव्यवस्था गिर रही है जिससे अब प्राइवेट सेक्टर को भी मार सहने पर लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा। सेंटर इंडिया ट्रेड यूनियन नेता मनदेव सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की किसान व मजदूर विरोधी नीतियों से गरीबी बढ़ रही है लेकिन सरकार इस पर नियंत्रण करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। देश में आम जनता की अनदेखी हो रही है।