बिश्नाह। गांव चक माजरा में भाभी के साथ शादी समारोह में हिस्सा लेने आए एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान नेक मोहम्मद पुत्र कासिम दीन गांव रायपुर गुजरा आरएस पुरा के रूप में हुई है। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार नेक मोहम्मद अपनी भाभी रानी के साथ शादी समारोह में हिस्सा लेने आया था। यहीं पर उस पर हमला हुआ। घटना की जानकारी के बाद नेक का भाई मोहम्मद रफीक जब गांव चक माजरा पहुंचा तो उस पर भी हमलावरों ने हमला बोल दिया लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। सीधा बिश्नाह पुलिस स्टेशन पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
मोहम्मद रफीक ने पुलिस को बताया कि उसके भाई और उस पर गुलाब दीन, सैफ अली पुत्र आलमगीर, जमात अली पुत्तर भुट्टो निवासी अरनिया और लाल हुसैन पुत्र फिरोज दीन गांव चक माजरा और एक अन्य ने हमला किया है। इन सभी ने उन पर तेजधार हथियार टोके से वार किए। गंभीर हालत में नेक मोहम्मद को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।